पधर:- पधर में RSS का शताब्दी स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया*
*पधर, मंडी
विजयदशमी के पावन पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, खंड पधर द्वारा अपना 100वां स्थापना दिवस बड़े हर्षोल्लास और अनुशासन के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन पधर बाजार में किया गया, जिसमें पधर खंड के लगभग 250 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कर्नल रोशन लाल जी रहे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में माननीय जिला संघचालक श्री कुलदीप जी ने शिरकत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड कार्यवाह श्री कुशाल जी द्वारा मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता का परिचय एवं कार्यक्रम की भूमिका के साथ हुआ।
तत्पश्चात मुख्य अतिथि कर्नल रोशन लाल जी ने अपने सैन्य जीवन की प्रेरणादायक यात्रा का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने बताया कि वे मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के दौरान वहां सेवारत थे और उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके साथ ही वर्ष 2002 में गुजरात के कच्छ में आई प्राकृतिक त्रासदी के दौरान भी उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में अपना अमूल्य योगदान दिया था। उनके अनुभवों को सुनकर सभी स्वयंसेवकों में देशभक्ति और सेवा का भाव जागृत हुआ।
इसके बाद मुख्य वक्ता जिला संघचालक श्री कुलदीप जी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जी द्वारा की गई थी और तब से लेकर आज तक संघ ने 100 वर्षों की अखंड यात्रा पूरी की है। इस शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पूरे वर्ष भर देशभर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज कुछ पाश्चात्य ताकतें विश्व के माहौल को खराब कर अशांति फैलाने का प्रयास कर रही हैं, ऐसे तत्वों से हमें सावधान रहने और संगठित होकर राष्ट्रहित में कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में प्रांत सह प्रमुख सामाजिक सद्भाव श्री गुलाब सिंह चौहान जी, खंड बौद्धिक शिक्षण प्रमुख श्री अमित जी, खंड प्रचार प्रमुख श्री सौरभ दत्त जी, खंड सेवा प्रमुख श्री भुवनेश जी सहित खंड के सभी दायित्वधारी कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में पधर बाजार में पथ संचलन (यात्रा) का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने अनुशासित कदमताल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। संचलन के पश्चात सभी स्वयंसेवकों ने एक साथ बैठकर पारंपरिक मंडियाली धाम का आनंद लिया और सहभोज के साथ स्थापना दिवस के उत्सव को संपन्न किया।
Mandi, Mandi | Oct 20, 2026