खेत में दवा छिड़काव के विवाद में मारपीट,कई लोग घायल पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शाहजहांपुर। थाना रोजा क्षेत्र के ग्राम शाहजादपुर में खेत में दवा छिड़काव को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले में एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शाहजादपुर निवासी अजीत पुत्र सुनील कुमार ने थाना रोजा में दी गई तहरीर में बताया कि कुछ दिन पूर्व उसके खेत में दवा छिड़कने के लिए सुभाष पुत्र रामचन्द्र को बुलाया गया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर रामकिशन पुत्र सीताराम ने सुभाष को जबरन साथ जाने से रोक दिया और विवाद करते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश पैदा हो गई।
तहरीर के अनुसार 1 अगस्त 2026 की शाम करीब 7 बजे अजीत अपनी दुकान से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में रामकिशन ने अपने साथियों शिवकुमार, घनश्याम, बहादुर, विनय और रामऔतार के साथ उसे रोक लिया। सभी लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और लाइसेंसी बंदूक लेकर पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बहादुर लाल ने लोहे की रॉड से सिर पर वार किया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुनील पुत्र रामचन्द्र और शिवम पुत्र सुनील के साथ भी मारपीट की गई, जिससे सुनील का हाथ टूट गया तथा शिवम के सिर में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के दौरान मोबाइल फोन भी गिर गया।
शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
पीड़ित अजीत ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना रोजा पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच उपनिरीक्षक सागर को सौंपी गई है।
Hardoi, Hardoi | Aug 4, 2026