दक्षिणेश्वर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, ट्रेन पर गिरा ओवरहेड तार; यात्रियों में मची अफरा-तफरी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित दक्षिणेश्वर रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया, जब ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार अचानक तेज धमाके के साथ टूटकर एक यात्री ट्रेन के ऊपर जा गिरा। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तार टूटने के बाद ट्रेन के अंदर धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में घबराहट फैल गई। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में स्टेशन पर भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और तकनीकी टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा कारणों को देखते हुए ट्रेन सेवाओं को प्रभावित किया गया और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए गए।
गनीमत रही कि इस हादसे में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है कि ओवरहेड तार टूटने की वजह क्या रही।
#Kolkata #Railway #TrainAccident