#आईपीएस_की_पत्नी_पहुंची_भरतपुर..
भरतपुर। बिहार के खगड़िया जिले के एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब भरतपुर शहर तक पहुंच गया है। आईपीएस अधिकारी अपनी 6 वर्षीय बेटी को लेकर भरतपुर आए थे, लेकिन झुंझुनूं निवासी पत्नी पूजा के पहुंचते ही वह वहां से निकल गए। पूजा जब शहर के गीता कॉलोनी स्थित अपने ससुराल और बाद में विजय नगर स्थित अपनी ननद के घर पहुंचीं, तो दोनों ही जगह उनके लिए दरवाजे नहीं खोले गए। इसके बाद पूजा मदद की गुहार लेकर मथुरा गेट थाने पहुंचीं, जहां पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद बताते हुए तत्काल कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद पूजा देर रात तक थाने में बैठी रहीं। पूजा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी मुलाकात भानुप्रताप सिंह से साल 2015 में एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। दोनों ने परिवार की नाराजगी के बावजूद 16 जनवरी 2016 को शादी कर ली। पूजा के अनुसार, शादी के बाद करीब पांच साल तक उन्होंने भरतपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका के रूप में काम किया। उन्होंने बताया कि इसी दौरान भानुप्रताप सिंह ने यूपीएससी की तैयारी की और चयन के बाद पुलिस सेवा में चले गए। पूजा के अनुसार, इसके बाद कुछ समय तक सब कुछ ठीक चलता रहा, लेकिन अब पति-पत्नी के बीच विवाद इस स्तर तक पहुंच गया है कि उनकी छह साल की बेटी को लेकर भी खींचतान चल रही है। गौरतलब है कि बिहार के चर्चित आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर हाल में ही वायरल हुआ था। इसमें उन्होंने पत्नी पूजा से चल रहे विवाद पर अपनी बात रखी थी। इसमें वह धनवंत सिंह राठौड़ से बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं। इसमें भानु प्रताप सिंह ने कहा कि उनके साथ क्या गुजर रही है, इसे भी समझने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि मामला न्यायालय में चल रहा है। वायरल ऑडियो में भानु प्रताप सिंह कहते हैं कि अब आगे क्या होगा, इसका फैसला न्यायालय करेगा। उन्होंने बातचीत के दौरान आमने-सामने बैठकर बात करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि जहां बुलाया जाएगा, वहां वह आने के लिए तैयार है। अच्छे लोगों के साथ बैठकर बातचीत करने की बात भी स्वीकार की है। भानु प्रताप सिंह के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि वह मेडिसिन ले रहे हैं। स्थिति बेहतर होने के बाद वह बातचीत के लिए तैयार है।
Bharatpur, Bharatpur | Sep 12, 2026