#अनियंत्रित_ट्रेलर_घुसा..
भरतपुर। जिले के गहनौली थाना इलाके के महलपुर काछी गांव में शुक्रवार देर रात करीब 3 बजे एक हादसा हो गया। बयाना-रूपवास रोड पर क्रेशर की तरफ जा रहे एक ट्रेलर के ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन बेकाबू होकर सड़क किनारे घरों के बाहर जा घुसा। इस हादसे में वहां बंधी हेतराम, खूबी और विजय नाम के ग्रामीणों की तीन भैंसों की कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत रही कि ट्रेलर किसी घर के भीतर नहीं घुसा, वरना जनहानि हो सकती थी। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने ट्रेलर ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस को भी सूचना दी। शनिवार सुबह दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसमें ड्राइवर द्वारा नुकसान की भरपाई की राशि देने पर सहमति बनी और राजीनामे के बाद ट्रेलर व ड्राइवर को छोड़ दिया गया।