करछना में 11 हजार वोल्ट की चपेट में आया युवक, SRN में मृत घोषित
प्रयागराज। करछना थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में मंगलवार को 11 हजार वोल्ट हाईवोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे आनन-फानन में प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान विष्णु पटेल (40) पुत्र सोनकरन पटेल निवासी चंदौली के रूप में हुई है। बताया गया कि विष्णु अपने परिवार का इकलौता सहारा था। उसके परिवार में पत्नी मीरा देवी, 11 वर्षीय बेटा मयंक और 8 वर्षीय बेटी प्रियांशी हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा है।
घटना की सूचना मिलने पर करछना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा दिलाने और पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की है।
Bara, Allahabad | Oct 6, 2026