#हरिचरन_के_समर्थन_में_उतरे_डॉक्टर्स..
भरतपुर। आरबीएम हॉस्पिटल की लचर व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने पर वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर (रेडियोलॉजिस्ट) हरिचरन को बिना किसी निष्पक्ष सुनवाई के आरबीएम हॉस्पिटल से कार्यमुक्त कर जयपुर निदेशालय भेज देने के तानाशाही फरमान का एसजेपी मेडिकल कॉलेज के रेजिडेंट डॉक्टर्स ने विरोध जताया है। "भरतपुर एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स" के अध्यक्ष डॉक्टर अमित शर्मा ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन और सरकार से रेडियोलॉजिस्ट डॉक्टर हरिचरन के कार्यमुक्त आदेश तो तुरंत निरस्त करने, आरबीएम में स्थापित नई सोनोग्राफी मशीन की तकनीकी व डायग्नोस्टिक क्षमता की जांच के लिए स्वतंत्र राज्य स्तरीय विशेषज्ञ समिति का गठन करने, जांच समिति की रिपोर्ट आने तक किसी डॉक्टर के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने और रेजिडेंट डॉक्टर्स की समस्याओं, कार्यस्थल की विसंगतियों और शिकायतों के निवारण के लिए एक स्थायी आंतरिक शिकायत निवारण मंच को क्रियाशील करने की मांग की है। अध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा ने चेतावनी दी है कि यही प्रशासन आदेश को वापस लेकर सुधारात्मक कदम नहीं उठाता है तो भविष्य में उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या व्यवस्थागत शिथिलता के लिए कॉलेज प्रशासन पूर्ण रूप से उत्तरदायी होगा।