रोजगार मेला में मिला नियुक्ति पत्र, पहली बार में एसएससी परीक्षा में हासिल की सफलता
बैरगनिया शहर के शिवपट्टी निवासी स्व. लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता के पुत्र दर्शन कुमार ने रोजगार मेला में इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुप्रिटेंडेंट पद का नियुक्ति पत्र प्राप्त कर बैरगनिया सहित सीतामढ़ी जिले का नाम रोशन किया है।
दर्शन कुमार ने राजकीयकृत उच्च विद्यालय से वर्ष 2015 में मैट्रिक, डीडीएम कॉलेज से वर्ष 2017 में इंटर तथा प्रिया रानी राय डिग्री कॉलेज से वर्ष 2021 में स्नातक ऑनर्स की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी।
दर्शन कुमार ने बताया कि बड़े भाई मोहन कुमार के मार्गदर्शन, मां शारदा देवी के आशीर्वाद तथा अन्य परिजनों की दुआओं के साथ उन्होंने ऑनलाइन पढ़ाई के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। एसएससी परीक्षा में पहली ही कोशिश में सफलता हासिल करते हुए 14 मई 2026 को जारी परिणाम में उनका चयन इनकम टैक्स विभाग में ऑफिस सुप्रिटेंडेंट के पद पर हुआ।
शनिवार, 19 सितंबर को पटना स्थित पुराने सचिवालय के अधिवेशन भवन में आयोजित रोजगार मेला में उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
दर्शन कुमार की सफलता पर नगर परिषद सभापति सिंघु गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष मो. बशीर अंसारी, सामाजिक कार्यकर्ता भाई ओमप्रकाश, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष रामाशीष राय सहित दर्जनों गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की