मिर्जापुर डीजे के शोर की आड़ में चोरों ने बोला धावा, लाखों के जेवर-नकदी उड़ाए
*मिर्जापुर*: मड़िहान के शेरुआ गांव में शनिवार रात चोरों ने डीजे की आवाज का फायदा उठाकर एक घर से लाखों के सोने-चांदी के जेवर और 5 हजार नकद पार कर दिए।
शिवप्रकाश सिंह के घर में पीछे का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने 7 ताले तोड़े। घर के लोगों को कमरों में बाहर से बंद कर दिया। सोने का चैन, हार, मांगटीका, 4 मंगलसूत्र, 5 बाली, पायल, बिछिया समेत मायके आई बेटी प्रियंका और दामाद लव सिंह की बेटी नेहा के भी जेवर ले गए।
पीड़ित ने बताया कि पड़ोस में जन्मदिन पर रातभर डीजे बज रहा था। उसी शोर में चोरी की भनक नहीं लगी। सुबह खेत में टूटा बक्सा मिला।
मामले में मड़िहान थानाध्यक्ष रविन्द्र भूषण मौर्य ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। CCTV खंगाले जा रहे हैं, जल्द खुलासा होगा।