जलभराव और गंदगी से परेशान ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से लगाई समाधान की गुहार
बरेली, संवाददाता।
विकास खंड नवाबगंज के ग्राम पंचायत चनेहटी के ग्रामीणों ने क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या को लेकर खंड विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा तालाब का पानी ओवरफ्लो होने से सड़क पर पानी भर जाता है। इससे लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है और क्षेत्र में मच्छरों की संख्या बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि लगातार जलभराव के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और बच्चों व बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य सड़क पर लगभग 100 मीटर तक मिट्टी भराई कर सड़क को ऊंचा कराया जाए तथा जल निकासी के लिए उचित नाली की व्यवस्था की जाए।
प्रार्थना पत्र पर ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं तथा इसे 14 जुलाई 2026 को संबंधित कार्यालय में प्राप्त भी कर लिया गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
#बरेलीन्यूज़लाइव
#जिलाधिकारी