जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान की संरचना होगी तैयार, एक्सपर्ट टीम की हायर
सीवरेज, नालों व नालियों के लेवल और निर्माण को लेकर तैयार करेगी रिपोर्ट
मेयर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में आयुक्त व कार्यकारी अभियंता ने दी जानकारी
यमुनानगर। जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए एक्सपर्ट टीम हायर कर ली गई है। टीम जलभराव से बचाव को लेकर संरचना तैयार करेंगी। ये एक्सपर्ट टीम पूरे नगर निगम क्षेत्र के सीवरेज, नालों, नालियों का लेवल और निर्माण चेक करेंगी। जहां लेवल सही नहीं है, उसे संबंधित विभाग द्वारा दुरुस्त किया जाएगा। जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या अधिक है। वहां एक्सपर्ट टीम ने सर्वे शुरू कर दिया है। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद व कार्यकारी अभियंता विकास धीमान ने मंगलवार को हुई नगर निगम सदन की 24 फरवरी को हुई साधारण बैठक में पास प्रस्तावों की समीक्षा बैठक में मेयर सुमन बहमनी को दी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेयर सुमन बहमनी ने बैठक में पास हुए प्रस्तावों पर अब तक हुई कार्यवाही की रिपोर्ट मांगी। बैठक में 24 फरवरी को हुई नगर निगम सदन की साधारण बैठक में पास हुए 63 प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में मानसून में पानी निकासी एवं ड्रेनेज व्यवस्था, शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने, लंबे समय तक जलभराव से निपटने के लिए संरचना तैयार करने, शहर के चौकों का सौंदर्यीकरण करने, शादी समारोह, रस्म क्रिया व अन्य कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग करने, वार्डों में मरम्मत कार्य करवाने के लिए टेंडर लगाने स्टॉर्म वाटर लाइन के मैनहोल पर ढक्कन रखने समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मेयर सुमन बहमनी व आयुक्त महाबीर प्रसाद ने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी 16 जुलाई को होने वाली सदन की बैठक की पूरी तैयारी करके आए। बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद, कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, एडीए भव्य गोयल, कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, कार्यकारी अभियंता मनदेव सिंह, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, सहायक अभियंता मृणाल जायसवाल, सुरेंद्र दहिया, राजेश शर्मा, मुनेश्वर भारद्वाज, क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया, जितेंद्र मल्होत्रा, रघुवीर सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह व विनोद बेनीवाल, कार्यालय अधीक्षक तेजिंदर कौर व सभी कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहें।
---------------
स्टॉर्म वाटर लाइनों के हर चैंबर पर रखे जाएंगे ढक्कन, निगम ने 1500 का किया टेंडर -
बैठक में मेयर सुमन बहमनी ने स्टॉर्म वाटर लाइनों के खुले चैंबर पर निगम अधिकारियों से जवाब मांगा। जिस पर निगम अधिकारियों ने बताया कि स्टॉर्म वाटर लाइन के हर चैंबर पर ढक्कन रखे जाएंगे। 1500 ढक्कन के लिए नगर निगम ने टेंडर लगाया हुआ है। कुछ ढक्कन नगर निगम के पास पहले से है। इसके अलावा अंडरग्राउंड नालों की सफाई के लिए जेटिंग मशीन लेने का भी टेंडर लगाया गया है।
बाजारों में होगी नाइट स्वीपिंग, टेंडर प्रक्रिया शुरू -
व्यावसायिक क्षेत्रों, बाजारों में अब फिर से रात को सफाई होगी। नगर निगम ने नाइट स्वीपिंग के लिए टेंडर लगा दिया है। इसके अलावा नगर निगम द्वारा शहर में पौधारोपण अभियान भी शुरू किया जाएगा। जिसके चलते स्कूल परिसर, खाली जगहों, मैदानों आदि में जामुन, अमरूद आदि फलदार पौधे रोपित किए जाएंगे।
------------
सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग होगी शुरू, रखरखाव को बेलदार किए जाएंगे तैनात -
बैठक में शादी, रस्म क्रिया, जन्मदिन समारोह व अन्य धार्मिक व निजी कार्यक्रमों के लिए सामुदायिक केंद्रों की बुकिंग पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि छोटे व बड़े सामुदायिक केंद्रों के हिसाब से उनकी बुकिंग फीस निर्धारित की जाएगी। सामुदायिक केंद्रों के रखरखाव के लिए बेलदार तैनात किए जाएंगे।
---------
नियमित हुई 76 कॉलोनियों में विकास कार्यों का एस्टीमेट करें तैयार -
बैठक में सरकार द्वारा हाल ही में नियमित की गई 76 कॉलोनियों में विकास कार्य कराने का भी मुद्दा छाया। बैठक में निगम अधिकारियों ने बताया कि अभी सरकार द्वारा इन कॉलोनियों की अधिसूचना जारी नहीं की गई। इसलिए अभी इनमें विकास कार्य नहीं कराया जा सकता। मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कॉलोनियों में सड़कें, नालियां व अन्य विकास कार्य कराने के लिए पहले से रफ एस्टीमेट तैयार कर लें। ताकि जैसे ही अधिसूचना जारी होगी, तभी उनके टेंडर लगाकर विकास कार्य कराया जा सके।
फोटो - सदन की बैठक के प्रस्तावों पर चर्चा करती मेयर सुमन बहमनी व निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद।