रेलवे स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर मद्य निषेध विभाग का शिकंजा, 79.4 लीटर विदेशी शराब-बीयर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
कटिहार में शराब तस्करों के खिलाफ मद्य निषेध विभाग का अभियान लगातार जारी है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के दौरान विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन और रेलवे प्लेटफॉर्म को निशाना बनाते हुए बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान कुल 79.400 लीटर विदेशी शराब और बीयर बरामद की गई तथा दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी के दौरान सालमारी थाना क्षेत्र के मुकुरिया रेलवे स्टेशन के पास से 30 लीटर बीयर बरामद की गई। वहीं तेलता रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 के समीप 35 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर से पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा निवासी विकाश साह को 9 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। इसी अभियान में हरदा निवासी विमला देवी को भी 5.400 लीटर विदेशी शराब के साथ दबोच लिया गया। मद्य निषेध विभाग ने अभियान के दौरान कुल 79.400 लीटर विदेशी शराब और बीयर जब्त की है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।