अमर शहीद नानक भील की पुण्यतिथि पर डाबी में आदिवासी विकास मेला का आयोजन
बरड़ क्षेत्र के ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का मौके पर ही लाभ
4654 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
बूंदी, 13 जून। स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक और वीर क्रांतिकारी शहीद नानक भील की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को जिले की डाबी ग्राम पंचायत में एक दिवसीय 'आदिवासी विकास मेले' का आयोजन किया गया। मेले में बरड क्षेत्र के ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
विकास मेले में अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रवि वर्मा, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा और पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत ने शिरकत की। अतिथियों ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत चयनित दिव्यांग लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल का वितरण किया। ट्राई साईकिल पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
विकास मेले में मुख्य रूप से बरड़ क्षेत्र की आदिवासी बाहुल्य पंचायत समिति तालेड़ा और बूंदी की दर्जनों ग्राम पंचायतों के बाशिंदों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इनमें तालेड़ा की ग्राम पंचायत लाम्बाखोह, गणेशपुरा, राजपुरा, गोपालपुरा बरड़, बुधपुरा, डाबी, सूतड़ा, धनेश्वर, जवाहर सागर, खडीपुर, डोरा, लक्ष्मीपुरा के साथ ही पंचायत समिति बूंदी की ग्राम पंचायत गरड़दा व लोईचा के हजारों निवासियों को लाभान्वित किया गया।
एक ही मंच पर हुआ समस्याओं का समाधान
ग्रामीणों की सुविधा के लिए मेला स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा अलग-अलग स्टॉल और शिविर लगाए गए। मेले के दौरान राजस्व, ग्रामीण विकास, चिकित्सा शिविर, रोजगार और कृषि मेले के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित समस्त प्रकार की राजकीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जन उपयोगी सुविधाओं और व्यक्तिगत लाभ की योजनाओं के आवेदन तैयार करवाकर स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ दिलवाया। चिकित्सा शिविर में मौसमी बीमारियों की जांच कर निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
इस दौरान प्रभूलाल भील, मांगीलाल भील, युवराज भील, नीरज भील, जमना लाल भील, जीतमल भील, रामपाल भील, देवलाल भील, सोसर बाई, रामकरण भील, रमेश भील,महावीर भील, शिवचरण भील, गिरिराज भील, रामदास भील, लालचंद भील अरविन्द भील, मुकेश भील, गुजरात सिंह भील सहित अन्य मौजूद रहे।
आदिवासी विकास मेले में 4654 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
अमर शहीद नानक भील की पुण्य स्मृति में ग्राम डाबी में आयोजित 'आदिवासी विकास मेला 2026' ग्रामीणों के लिए लाभदायक साबित हुआ। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा ने बताया कि एक दिवसीय मेले में विभिन्न विभागों की ओर से कुल 4654 ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। मेले में सर्वाधिक 1591 कार्य पशुपालन विभाग द्वारा किए गए। शिविर में 660 पशुओं का टीकाकरण किया गया, 600 पशुओं पर दवा का छिड़काव किया गया तथा 255 पशुओं को दवा पिलाई गई। इसके अलावा 74 पशुओं का मौके पर ही उपचार किया गया। चिकित्सा विभाग ने 1224 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में 320 मरीजों की निःशुल्क जांच कर 320 लोगों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। गम्भीर बीमारियों के प्रति सतर्कता बरतते हुए 275 लोगों की टीबी व सिलिकोसिस जांच तथा 275 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग की गई।
इसी तरह ग्रामीणों के दस्तावेजी और विकास कार्यों को गति देते हुए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने 732 कार्यों का निस्तारण किया। इस दौरान 173 नवीन जॉब कार्ड और 94 नवीन पट्टे जारी किए गए। नरेगा योजनान्तर्गत प्रपत्र-6 के 244 आवेदन प्राप्त हुए। किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रोत्साहित करने हेतु कृषि विभाग ने 553 किसानों को लाभान्वित किया। मेले में 390 किसानों को कृषि साहित्य, 52 को बीज और 27 को निःशुल्क सब्जी बीज वितरित किए गए। 26 किसानों के सॉयल हेल्थ कार्ड भी बनाए गए।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने 72 उपलब्धियां दर्ज कीं, जिनमें 10 जरूरतमंदों को संयुक्त सहायता अंग (कृत्रिम अंग उपकरण) एवं ट्राई साइकिलें वितरित की गईं। इसके साथ ही 42 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और 10 लोगों को पालनहार योजना से जोड़ने के आवेदन प्राप्त किए गए। राजस्व विभाग ने पीएम किसान सम्मान निधि, नामांतरण और प्रमाण-पत्रों सहित विभिन्न योजनाओं में कुल 152 को लाभान्वित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 121 और श्रम विभाग ने 55 लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा। जयपुर विद्युत वितरण निगम ने 40 नए घरेलू कनेक्शन के आवेदन लिए तथा 5 लाभार्थियों को निःशुल्क इंडक्शन स्टोव वितरित किए।
------00-----