अरवल के दुर्गा पूजा पंडाल में महिला का मंगलसूत्र चोरी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
अरवल, बिहार। अरवल नगर के सब्जी बाजार स्थित श्री श्री दुर्गा पूजा समिति, मगध नाट्य क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल में चोरी की घटना सामने आई है। चिरैयाटांड़ निवासी अजीत कुमार सिंह की पत्नी ज्योति कुमारी पूजा-अर्चना करने पहुंची थीं। इसी दौरान उनके गले से लगभग 9,700 रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र काटकर चोरी कर लिया गया। घटना के बाद पीड़िता ने नगर थाना अरवल में आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।
धार्मिक आस्था और श्रद्धा के इस पावन अवसर पर पूजा पंडाल में इस तरह की घटना सामने आना बेहद चिंताजनक है। श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए विश्वास के साथ पहुंचते हैं, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व महिलाओं के गहने और जेवर चोरी करने जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
इस घटना ने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब आवश्यकता है कि पुलिस प्रशासन भीड़भाड़ वाले पूजा स्थलों पर निगरानी बढ़ाए और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए, ताकि श्रद्धालु भयमुक्त होकर मां दुर्गा की आराधना कर सकें। Public ki Awaz Arvind Yadav
Arwal, Arwal | Oct 19, 2026