वैश्य महाविद्यालय, भिवानी में 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत किया गया नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
युवाओं में देशभक्ति का जज्बा राष्ट्र की प्रगति का आधार है कार्यवाहक प्राचार्य प्रदीप भारद्वाज
नृत्य प्रतियोगिता में छात्रा अंशा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर लहराया परचम
कार्यक्रम में कला और संस्कृति के माध्यम से छात्राओं ने किया देशभक्ति का अनूठा प्रदर्शन
भिवानी 9 अगस्त 2026
वैश्य महाविद्यालय, भिवानी में 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में एक भव्य एवं प्रेरणादायी नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ संजय गोयल की प्रेरणा से
कार्यवाहक प्राचार्य प्रदीप भारद्वाज के मार्गदर्शन एवं एन एस एस इकाईयों के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कामना कौशिक व डॉ मोहनलाल की देखरेख में किया गया। इस सांस्कृतिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के अंतःकरण में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित करना तथा राष्ट्रीय पर्व के प्रति उनके उत्साह को द्विगुणित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ प्रदीप भारद्वाज के यशस्वी मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने उद्गार व्यक्त किए कि देशभक्ति केवल औपचारिक शब्दों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि हमारे आचार-व्यवहार और कर्मठता में झलकनी चाहिए। 'हर घर तिरंगा' अभियान हमारी युवा पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति समर्पण, निष्ठा और गौरव की भावना को सुदृढ़ करने का एक अत्यंत सशक्त माध्यम है।
प्रतियोगिता के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कड़े और गरिमामयी मुकाबले के उपरांत निर्णायकों द्वारा घोषित परिणामों की जानकारी देते हुए महाविद्यालय के प्रेस प्रवक्ता ललित शर्मा ने बताया कि
प्रतियोगिता में बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा अंशा (पुत्री श्री सुनील) ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रथम स्थान अर्जित किया। इसी क्रम में, बी.ए. द्वितीय वर्ष की ही अंजलि (पुत्री श्री सुनील) ने द्वितीय स्थान तथा बी.ए. तृतीय वर्ष के जतिन (पुत्र श्री पवन कुमार) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त, दीपिका, तुषार, अमन, रवीना और विनीता सहित अन्य समस्त प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां भी अत्यंत सराहनीय रहीं, जिनकी सभी ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम के सफल संचालन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कामना कौशिक ने अपने प्रेरणास्पद संबोधन में कहा कि सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवा पीढ़ी अपनी गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति अधिक संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व का अनुभव करती है। वहीं, सह-कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोहन लाल ने अपने वक्तव्य में इस तथ्य पर विशेष बल दिया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की अंतर्निहित प्रतिभा को परिष्कृत करने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सहकारिता और टीम भावना का भी संवर्द्धन करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस गरिमामयी अवसर पर विद्यार्थियों को हर तिरंगा अभिजन कार्यक्रम के उद्देश्य से भी अवगत कराया गया तथा इस गरिमामयी अवसर पर विद्यार्थियों को तिरंगा के मान -सम्मान एवं गौरव अभिवर्धन के लिए प्रोत्साहित किया गया ।