हनुमान ढाणी गली 2 और 3 में महीनों से पीने का पानी नहीं आने से महिलाओं ने जताया आक्रोश, नारेबाजी कर दी धरने की चेतावनी
भिवानी, 04 जुलाई : जनसंघर्ष समिति भिवानी की ओर से कई महीनों से पीने का पानी नहीं आने से स्थानीय हनुमान ढ़ाणी गली नंबर-2 और 3 में आक्रोशित गलिवासियों ने शनिवार को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया तथा उन्हें चेतावनी दी कि यदि उनकी पानी की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया तो वे उनके विभागीय कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना देने पर मजबूर होंगे। गली की महिलाओं ने बताया कि पिछले दो महीने से उनके यहां पानी की एक बूंद भी नहीं आ रही है, वे बरमे का खारा पानी पीने के लिए मजबूर है। जिससे मोहल्ले में अनेक बीमारियां पनप रही हैं। वे इस समस्या को लेकर विभाग के उच्च अधिकारियों, एसडीओ, जेई, स्थानीय विधायक, पार्षदों से भी मिल चुकी हैं, परन्तु उनकी पानी सम्बन्धी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है और अब उन्हें मजबूरन यह प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उधर जनसंघर्ष समिति भिवानी के संयोजक व माकपा जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश ने स्थानीय नागरिकों के निमड्डत्रण पर वहां पहुंचकर गलिवासियों की समस्या के बारे जानकारी ली तथा विभाग के एसडीओ से बात करके उनके समाधान के लिए कहा तो एसडीओ ने वहां दो वाल्व लगाने के लिए कहा है और उसके बाद वहां पानी पहुंचने लगेगा। परंतु इसमें सप्ताह या 10 दिन लगेंगे, तब तक उनके यहां प्रतिदिन दो टैंकर भिजवाने का आश्वासन दिया है। कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि पूरे शहर व गांवों में पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उन्होंने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी से मांग की है कि जब 42 दिनों में नहर में पानी आता है तो कम से कम एक सप्ताह तो पानी चलना ही चाहिए, ताकि शहर व गांव के सभी टैंक व तालाब पानी से भर सकें। दादरी डिस्ट्रीब्यूटरी से सांगा माईनर में केवल दो दिन भी पानी नहीं चलता है और कायला, बडाला, सांगा, बामला, उमरावत, पूर्णपुरा, नांगल गांव में पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। उधर शहर में भी अनेक कालोनियों में पीने का पानी नहीं आ रहा है। विभाग के अधिकारी इस सम्बन्ध में कुछ नहीं कर पा रहे हैं। यह ट्रिपल इंजन की सरकार लोगों के प्रति संवेदन हीन हो गई है और लोगों को उनके हाल पर छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं 8 जून को हनुमान ढ़ाणी गली 2-3 की पीने के पानी की समस्या को लेकर उपायुक्त समाधान शिविर में भी गये थे, परन्तु विभाग द्वारा समाधान के आश्वासन के बाद भी एक महीना बीतने के बाद भी इस संबंध में कुछ नहीं किया। प्रदर्शन में शामिल होने वालों में मामनराम, मोहनलाल शर्मा, अंगूरी, ममता, अनिता, सुमन, लीला, मंजू, पार्वती, सुमन, संतोष, संतरा, मूर्ति, दीपक, महिपाल, बिमला, गीता व पूजा शामिल रही।
Bhiwani, Bhiwani | Jul 4, 2026