*जनपद बस्ती*12.07.2026*
*थाना गौर में नियुक्त मुख्य आरक्षी अरुण कुमार मिश्रा का बीमारी के कारण निधन, पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि*
*बस्ती।* जनपद बस्ती के थाना गौर में नियुक्त *मुख्य आरक्षी अरुण कुमार मिश्रा* का आज सुबह लगभग 10:30 बजे बीमारी के चलते आकस्मिक निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से लीवर की गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। आज अचानक तबियत अधिक खराब होने पर उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। दिवंगत मुख्य आरक्षी की उम्र लगभग 52 वर्ष थी। वह मूल रूप से जनपद बहराइच के निवासी थे। वह दिनांक 18.10.1994 को आरक्षी के पद पर पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे और वर्तमान में प्रोन्नत होकर मुख्य आरक्षी के पद पर अपनी कर्तव्यनिष्ठ सेवाएं दे रहे थे।
*पुलिस लाइन में दी गई श्रद्धांजलि*
*अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती*, *क्षेत्राधिकारी हरैया*, *क्षेत्राधिकारी कलवारी*, *क्षेत्राधिकारी लाइन* सहित अन्य अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों की उपस्थिति में पुलिस लाइन में दिवंगत मुख्य आरक्षी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इसके उपरांत शोक धुन के बीच उपस्थित अधिकारियों व जवानों द्वारा *'शोक सलामी'* दी गई। शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया गया और सांत्वना दी गई। अंत में दिवंगत के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी गई।
बस्ती पुलिस परिवार दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता है और शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है।
Basti, Basti | Jul 12, 2026