डीएम ने धनुष चौराहा स्थित ट्रैफिक कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण: 60 में एक कैमरा बंद मिला, तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश
स्कूल के पास गुटखा-तंबाकू की दुकानें देख भड़के डीएम, बोले- 100 मीटर के भीतर बिक्री मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई
चित्रकूट में कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने शनिवार को यातायात कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम में शहर और शिवरामपुर क्षेत्र के विभिन्न चौराहों पर लगे करीब 60 सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एक कैमरा बंद मिला, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को बताया गया कि कंट्रोल रूम से ट्रैफिक सिपाही शिवम राजपूत द्वारा कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। इनमें 40 कैमरे निदेशालय की ओर से लगाए गए हैं, जबकि शेष कैमरे विधायक निधि से स्थापित किए गए हैं। डीएम ने कैमरों की उपयोगिता पर जोर देते हुए कहा कि यातायात नियंत्रण के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में सीसीटीवी नेटवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी कैमरे हर समय चालू हालत में रहने चाहिए।
डीएम पुलकित गर्ग ने बताया कि कामतानाथ परिक्रमा मार्ग और रामघाट स्थित मंदाकिनी नदी के किनारे भी लगभग 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए भी जल्द इसी कंट्रोल रूम से संचालन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके तथा श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी धनुष चौराहा स्थित कंपोजिट विद्यालय के आसपास पहुंचे। यहां विद्यालय के निकट गुटखा, सिगरेट और तंबाकू की दुकानें संचालित होती देख उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित दुकानदारों और अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि विद्यालय से 100 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार की गुटखा, सिगरेट या तंबाकू की बिक्री नहीं होनी चाहिए। यदि भविष्य में विद्यालय के आसपास ऐसी दुकानें संचालित होती मिलीं तो संबंधित दुकानदारों के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।