रादौर: रादौर के रादौरी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार एक महिला की मौत, एक बच्चा व महिला घायल
रादौरी रोड पर एफसीआई गोदामों के निकट स्कूटी सवार महिला की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि उसके साथ स्कूटी पर सवार एक अन्य महिला व चार वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर भिजवाया। जबकि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया। शाम चार बजे मिली जानकारी के अनुसार गांव चमरोड़ी निवासी करीब 50 वर्षीय महिला रीना रानी गांव रादौरी के समीप से गुजर रही थी। उसके साथ स्कूटी पर 38 वर्षीय शोभा व चार वर्षीय उसका दोहता वैदिक भी सवार था। इस दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने सूचना डायल 112 को दी। जिसके बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन यहां डाक्टरों ने रीना रानी को मृत घोषित कर दिया। जबकि शोभा व वैदिक की हालत गंभीर होने पर उन्हें यमुनानगर सिविल अस्पताल में रैफर कर दिया गया।