कैमूर पुलिस की कार्रवाई पूर्व के चोरी कांड में संलिप्त दो अभियुक्त गिरफ्तार, ट्रैक्टर ट्रॉली सहित सामान बरामद
तकनीकी अनुसंधान से खुला राज, चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली, मोबाइल और अन्य सामान बरामद
कैमूर पुलिस ने पूर्व में दर्ज चोरी के कांड का सफल उद्भेदन करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर का ट्रॉली, लोहे का सेंट्रिंग का सामान, मोटर, प्लास्टिक पाइप, 2 मोबाइल और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 की रात्रि रामगढ़ थाना क्षेत्र के सराय, पो. जनदहा निवासी पंकज कुमार सिंह के प्लाट से अज्ञात चोरों द्वारा ट्रैक्टर की ट्रॉली एवं अन्य सामग्रियों की चोरी कर ली गई थी। वादी के आवेदन पर रामगढ़ थाना में कांड संख्या 168/26, दिनांक 23.06.26, धारा 303(2) बीएनएस दर्ज किया गया था।
रामगढ़ थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन के आधार पर 02 अगस्त 2026 को चोरी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विशाल कुमार, पिता जिउत सिंह, निवासी देवैथा करमहरी, उत्तर प्रदेश और सोनू कुमार, पिता हरेन्द्र सिंह, निवासी धिनहुपट्टी खुटहा, थाना दुर्गावती, जिला कैमूर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामान को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
Mohania, Kaimur | Aug 3, 2026