देवास। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गाली-गलौज को लेकर शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक के साथ मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के सीने और पेट पर चोट आई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार फरियादी कैलाश कुमार मिश्रा ने बताया कि 24 सितंबर 2026 की रात करीब 10:15 बजे उनके मोहल्ले में ईश्वर बैरागी शराब पीकर गाली-गलौज कर रहा था। कैलाश मिश्रा और उनके बेटे राहुल मिश्रा ने ईश्वर को गाली देने से मना किया, जिस पर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद ईश्वर बैरागी ने अपने परिचित गोविंद बैरागी, राहुल और अमन को बुला लिया। चारों ने मिलकर राहुल मिश्रा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान गोविंद बैरागी ने कथित तौर पर जेब से चाकू निकालकर राहुल मिश्रा पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। चाकू के वार से राहुल के सीने और पेट में चोट लगी और खून निकलने लगा।
विवाद के बीच मोहल्ले की कविता देवलीया ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान अमन ने कविता के साथ भी मारपीट की। इसके बाद कैलाश मिश्रा और मोहल्ले के कैलाश जाधव ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया।
घायल राहुल मिश्रा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर कर दिया। इसके बाद कैलाश मिश्रा ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले में ईश्वर बैरागी, गोविंद बैरागी, राहुल और अमन को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews