💠 एसडीएम विजय राय ने वार्डों में पहुंचकर किया मतदाताओं का भौतिक सत्यापन
💠 शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करने विशेष अभियान जारी
➡️ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में स्थानीय निर्वाचन हेतु निर्वाचक नामावलियों के संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य जिले में सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, मृत अथवा दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम अपमार्जित करने तथा त्रुटियों के सुधार की कार्यवाही युद्धस्तर पर की जा रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदाय जांच सूचियों के आधार पर प्राधिकृत अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सघन भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार सिवनी मालवा क्षेत्र में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्री विजय राय ने वार्ड क्रमांक-9 में पहुंचकर प्राधिकृत अधिकारियों की टीम के साथ चल रही सत्यापन कार्यवाही का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्री राय ने मतदाताओं एवं नागरिकों से संवाद करते हुए अपील की कि यदि किसी मृत अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में दर्ज है तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारी-कर्मचारी को दें। उन्होंने बताया कि नागरिक ERMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आपत्ति प्रपत्र भी प्रस्तुत कर सकते हैं, जिसके आधार पर प्राधिकृत अधिकारी द्वारा सूक्ष्म जांच कर नियमानुसार नाम हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी प्राधिकृत अधिकारी जांच सूची के साथ घर-घर पहुंचकर निष्पक्ष रूप से सत्यापन कार्य कर रहे हैं। अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाकर एक स्वच्छ एवं विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। मौका निरीक्षण के दौरान तहसील सिवनी मालवा के निर्वाचन सुपरवाइजर श्री पंकज परसाई, प्राधिकृत अधिकारी तथा नगर पालिका परिषद सिवनी मालवा के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP