अल्पसंख्यक समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए कम ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध: मनोज कुमार*
केलांग, 23 सितम्बर, 2026। हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम द्वारा जिला लाहौल-स्पीति की अल्पसंख्यक आबादी को निगम की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से केलांग स्थित जनजातीय संग्रहालय के सभागार में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता निगम के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार ने की।
इस अवसर पर मनोज कुमार ने कहा कि निगम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम द्वारा प्रायोजित योजनाओं के माध्यम से सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े अल्पसंख्यक समुदायों—मुस्लिम, सिख, ईसाई, बौद्ध, पारसी एवं जैन—को स्वरोजगार एवं आय सृजन गतिविधियों के लिए कम ब्याज दरों पर वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इन समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए वित्तीय सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन भी निगम की कम ब्याज दर वाली ऋण योजनाओं का लाभ उठाकर अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए अधिकतम 20 लाख रुपये तथा विदेश में उच्च शिक्षा के लिए अधिकतम 30 लाख रुपये तक का ऋण 3 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया जाता है। इसके लिए परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त व्यावसायिक वाहन, होम स्टे, जनरल स्टोर, ढाबा तथा कृषि एवं बागवानी गतिविधियों के लिए भी ऋण सुविधा उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति तहसील कल्याण अधिकारी अथवा जिला कल्याण अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
तहसील कल्याण अधिकारी केलांग सुनील कुमार ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, अंतर्जातीय विवाह योजना, दिव्यांग विवाह सहायता योजना तथा नशा मुक्त भारत अभियान की जानकारी दी।
इस अवसर पर सीएल शर्मा, प्रबंधक, अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम, ईश्वर शर्मा, क्षेत्रीय सहायक, ग्राम पंचायत केलांग के प्रधान प्रेम थर्वस सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान एवं महिला मंडलों की सदस्य उपस्थित रहीं।