देवास। महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजीएच) परिसर के समीप स्थित भूमि पर प्रस्तावित चाट चौपाटी केंद्र विकसित करने की योजना का विरोध शुरू हो गया है। इस संबंध में एक नागरिक ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत कर योजना को जनविरोधी बताते हुए संबंधित भूमि को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सुरक्षित रखने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि सयाजी द्वार के निकट ए. मल्हार स्मृति मंदिर के पीछे स्थित यह भूमि वर्षों से स्वास्थ्य विभाग की संपत्ति रही है और रियासतकाल से अस्पताल गतिविधियों से जुड़ी रही है। आवेदक का कहना है कि महात्मा गांधी चिकित्सालय से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित इस महत्वपूर्ण भूमि का उपयोग भविष्य में अस्पताल के विस्तार और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास के लिए किया जाना चाहिए, न कि चाट चौपाटी केंद्र के लिए।
आवेदन में कोविड महामारी का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि महामारी ने स्वास्थ्य सुविधाओं के महत्व को उजागर किया है। ऐसे समय में अस्पताल से जुड़ी भूमि को अन्य उपयोग में लेना दूरदर्शिता की कमी को दर्शाता है। आवेदक ने तर्क दिया कि बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए एमजी अस्पताल का विस्तार होना तय है, इसलिए उससे संबंधित भूमि को संरक्षित रखा जाना चाहिए।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त भूमि की भौगोलिक और व्यावसायिक महत्ता सर्वविदित है तथा आमजन में इस निर्णय को लेकर चर्चाएं हैं। आवेदनकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित रखते हुए भविष्य की स्वास्थ्य आवश्यकताओं के लिए संरक्षित रखा जाए।
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि भूमि से जुड़े मामले में पूर्व से आपत्तियां विचाराधीन हैं तथा प्रशासन को इस विषय में जनहित को प्राथमिकता देते हुए निर्णय लेना चाहिए। आवेदक ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए उपलब्ध भूमि को किसी अन्य उद्देश्य के लिए उपयोग करना आम जनता के हित में नहीं होगा।
उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि प्रस्तावित योजना पर पुनर्विचार कर एमजी अस्पताल की भूमि को स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु सुरक्षित रखा जाए, ताकि भविष्य में देवास के नागरिकों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewasbreaking