तहसील में औचक निरीक्षण करने पहुँचे ददरौल विधायक, मची हलचल
---लंबित मामलों पर जताई सख्ती, अफसरों को लगाई फटकार
शाहजहाँपुर। ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने शुक्रवार को सदर तहसील का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पड़ताल की। अचानक पहुंचे विधायक को देखकर तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अधिकारी तत्काल सक्रिय हो उठे। निरीक्षण के दौरान विधायक ने नामांतरण, खतौनी, आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र, राजस्व वादों सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। कई मामलों में देरी और कार्यप्रणाली में ढिलाई पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनके कार्यों का निस्तारण तय समय सीमा में पारदर्शी तरीके से किया जाए। विधायक ने दो टूक कहा कि किसी भी गरीब, किसान या महिला को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जवाबदेही तय की जाए। औचक निरीक्षण के जरिए विधायक ने साफ संकेत दिया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और व्यवस्था में सुधार लाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।