नशे के खिलाफ मैराथन दौड़ की तैयारियां तेज, निगम कमिश्नर ने सड़कों का किया निरीक्षण
मैराथन की तैयारी, निगम कमिश्नर ने टीम के साथ जगाधरी की सड़कों का किया मुआयना, दिए सख्त निर्देश
नशे के खिलाफ मैराथन: सड़कों की मरम्मत, सफाई और सुरक्षा को लेकर एक्शन में नगर निगम
यमुनानगर/जगाधरी। आगामी 26 जुलाई को जगाधरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में नशे के खिलाफ आयोजित होने वाली भव्य मैराथन दौड़ को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी है। मंगलवार को नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों की टीम के साथ जगाधरी के अंबाला रोड, जगाधरी पांवटा साहिब रोड, बिलासपुर मार्ग, बाईपास रोड समेत विभिन्न सड़कों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैराथन रूट की सुरक्षा, सफाई और मरम्मत कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मैराथन रूट पर धावकों की सुरक्षा और सुविधा सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन मार्ग में आने वाली सभी सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त कर पूरी तरह गड्ढा मुक्त बनाया जाए। पूरे रूट को सुंदर और साफ-सुथरा रखने के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, जिससे धावकों को बेहतर माहौल मिल सके। सड़कों पर झुके पेड़ों की छंटाई व सड़क किनारे खड़ी झाड़ियों को काटकर साफ किया जाए। धावकों की सुरक्षा के लिए सड़कों पर सड़क सुरक्षा के सभी आवश्यक नियमों, साइनेज और मार्किंग के कार्य को तुरंत पूरा किया जाए। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के साथ अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अभिश्रुति, नगर निगम के कार्यकारी अभियंता विकास धीमान, हरीश कुमार, कार्यकारी अधिकारी जरनैल सिंह, सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज, सुरेंद्र दहिया, मृणाल जैयसवाल, कनिष्ठ अभियंता गगन संधू, अभिषेक शर्मा और प्रशासन की एक उच्च स्तरीय टीम मौजूद रही, जिसने पूरे रूट का भौतिक सत्यापन किया और जल्द से जल्द सभी तैयारियां पूरी करने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे रोजाना कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें ताकि काम में किसी भी तरह की ढिलाई न रहे।
--------------
नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देगी मैराथन -
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने बताया कि 26 जुलाई को जगाधरी के मटका चौक से सुबह सवा 5 बजे मैराथन शुरू होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 10 किलोमीटर की इस दौरान में पहले 10 स्थानों पर आने वाले युवक व युवतियों को सम्मानित किया जाएगा। यह मैराथन दौड़ न केवल युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करेगी, बल्कि समाज को नशे जैसी गंभीर बीमारी से दूर रहने का एक बड़ा संदेश भी देगी। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण सामाजिक आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन का प्रत्येक विभाग मुस्तैदी से काम कर रहा है।
फोटो कैप्शन - जगाधरी में सड़कों का जायजा लेते नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद व अन्य।