कराड़सू में 116 बीपीएल लाभार्थियों के दस्तावेज सत्यापित
‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत विशेष शिविर, योजना में छूटे हुए अन्य पात्र परिवारों को भी दायरे में लाने के लिए विशेष अभियान
Kullu Times
"मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना" के अंतिम चरण के तहत सोमवार को नगर विकास खंड के कराड़सू में विशेष आईईसी एवं संवाद शिविर आयोजित किया गया। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ की अध्यक्षता में हुए शिविर में अरछंडी, गाहर, रौगी, सोयल-द्वितीय, कायस और कराड़सू पंचायतों के 116 चिन्हित बीपीएल लाभार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। इस अवसर पर विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता, 300 यूनिट तक निःशुल्क बिजली और पक्के मकान के निर्माण के लिए सीधी वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने पात्र परिवारों से योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि 1,500 रुपये की सम्मान राशि सीधे बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित करने और आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर, 2026 है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आगामी शिविरों का आयोजन 15 सितंबर को कटराईं में 193 लाभार्थियों, 16 सितंबर को शालीन में 90 लाभार्थियों और 18 सितंबर को राईसन में 178 लाभार्थियों के लिए किया जाएगा। इसके अलावा सोमवार को नगर वेन्यू में 167 चिन्हित लाभार्थियों के अलावा योजना में छूटे हुए अन्य पात्र परिवारों को भी दायरे में लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसके तहत पात्र परिवारों को योजना की जानकारी देने, उनकी पात्रता संबंधी प्रक्रिया पूरी करवाने तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सभी चिन्हित एवं अन्य पात्र लाभार्थियों से आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक सहित आवश्यक दस्तावेज साथ लाकर अंतिम तिथि से पहले पंजीकरण और सत्यापन पूरा करवाने का आग्रह किया गया है।
शिविर में सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, खंड विकास अधिकारी मुकेश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे ।
-- Bhuvneshwar Gaur
Kullu, Kullu | Sep 14, 2026