दुर्गा विसर्जन के द्वारान बवाल ताबड़तोड़ फायरिंग में युवक के सिर को छूकर निकली गोली। छर्रे लगने से दो घायल मची चीख-पुकार।
विजयादशमी के पावन पर्व पर मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ अंतर्गत सिंहपुर गांव में दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान एक बड़ी खूनी वारदात सामने आई है। पर्व की खुशियां और उत्साह उस वक्त दहशत और चीख-पुकार में बदल गए, जब एक उपद्रवी ने जुलूस के बीच अचानक कट्टे से दनादन गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। नवयुवकों की टोली ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए मां दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जन के लिए ले जा रही थी, तभी इस अचानक हुए जानलेवा हमले से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस सनसनीखेज गोलीकांड में सुनील नामक युवक मौत के मुंह से बाल-बाल बच गया, क्योंकि हमलावर की चलाई गई गोली उसके सिर को छूकर निकल गई। खून से लथपथ सुनील और इस गोलीबारी में छर्रे लगने से घायल हुए अन्य दो सुंरेंद्र एवं ठाकुरदीन को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अजयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। त्यौहार के दिन सरेआम हुई इस गोलीबारी की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और खौफ का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश और मामले की गहन जांच में जुट गई है।
Panna, Panna | Oct 20, 2026