वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर श्री दिनेश कुमार सिंह द्वारा दिनांक 15 जून 2026 से प्रारम्भ होने वाली पुलिस उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत अभिलेखों की संवीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PST) को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराए जाने के दृष्टिगत पुलिस लाइन सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ विस्तृत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
महोदय द्वारा भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की गहन समीक्षा करते हुए अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन, शारीरिक मानक परीक्षण, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा, चिकित्सा सहायता, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए।
समीक्षा गोष्ठी के उपरांत महोदय द्वारा डीवी/पीएसटी केन्द्र का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, अभिलेख परीक्षण कक्ष, शारीरिक मानक परीक्षण स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों के प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय एवं चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी स्याना/आंकिक श्री रामकरन, प्रतिसार निरीक्षक श्री अजय कुमार श्रीवास्तव सहित भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
#UPPolice
#BulandshahrPolice