बड़ी खबर
बस्ती में पुलिस और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच घमासान, प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई पुलिस
बस्ती। पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने मौके से हटाते हुए हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच सड़क पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति देखने को मिली। मौके पर मौजूद राहगीर अचानक हुए हंगामे को देखकर हैरान रह गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारियों द्वारा सीओ रुधौली और कुछ पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर धरना दिया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त कराने का प्रयास किया, जिसके बाद मामला गरमा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कुछ कार्यकर्ताओं को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली ले जाने के बाद संगठन के अन्य कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश देखने को मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कोतवाली की ओर पहुंचने लगे। इससे कोतवाली परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
Basti, Basti | Aug 27, 2026