वूमैन हैल्पिंग सोसायटी ने भिवानी के महिला थाना में चलाया पौधारोपण अभियान, 21 पौधें रोपे
केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं, उन्हें वृक्ष बनाना होनी चाहिए जिम्मेदारी : सुशीला देवी सिंह
1100 पौधें रोपित करने का है लक्ष्य, अधिकत्तर हुआ पूरा : सुशीला देवी सिंह
भिवानी, 27 अगस्त : हवा में घुलते प्रदूषण के जहर को कम करने और आमजन को स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में जागरूक करने के उद्देश्य से वूमैन हैल्पिंग सोसायटी द्वारा भिवानी के महिला थाना परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला थाना एसएचओ बबीता ने की। इस अवसर पर वूमैन हैल्पिंग सोसायटी की संचालिका व अध्यक्षा तथा इंडियन वेटरन आर्गेनाइजेशन की यूथ महिला विंग प्रदेश अध्यक्षा सुशीला देवी सिंह ने थाना परिसर में 21 पौधे रोपित किए। पौधारोपण के साथ ही संस्था के सदस्यों ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा और उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की अध्यक्षा सुशीला देवी सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए उनकी संस्था ने पूरे जिला भर में 1100 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। संस्था के कार्यकर्ताओं के निरंतर प्रयासों से इस लक्ष्य का अधिकतर भाग सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है और शेष पौधों को भी जल्द ही उपयुक्त स्थानों पर रोपित किया जाएगा। सुशीला देवी सिंह ने कहा कि आज के समय में वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ वातावरण और शुद्ध हवा देने के लिए पौधे लगाना तथा उनका संरक्षण करना बेहद आवश्यक है। केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उनकी समय-समय पर देखभाल करके उन्हें वटवृक्ष बनाना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा महिला थाना में पौधारोपण किया जाता है तथा उनके द्वारा लगातार तीसरे वर्ष यह पौधारोपण किया गया था। वही महिला थाना एसएचओ बबीता ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस थाने जैसे सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि यहां आने वाले लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश मिलेगा। उन्होंने समाज के अन्य वर्गों से भी इस हरित अभियान से जुडऩे का आह्वान किया। इस अवसर पर जितेंद्र धारेडू, पूर्व सैनिक रतन शर्मा, आनंद कुमार सहित थाना की पुलिसकर्मी व संस्था के सदस्यगण मौजूद रहे।
Bhiwani, Bhiwani | Aug 27, 2026