24 घंटे में लूट का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्ट फरियाद अली
उ. प्र. बहराइच। पयागपुर थाना क्षेत्र में राहगीर से लूट की वारदात का बहराइच पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से ₹2,10,400 नकद, एक पीओएस मशीन, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल तथा अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी पयागपुर हर्षिता तिवारी के पर्यवेक्षण में स्वाट/सर्विलांस टीम एवं थाना पयागपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को अयोध्या प्रसाद ने इंडियन बैंक, खजुही शाखा से ₹1,00,200 निकालकर मसैडी चौराहा स्थित अपने वीसी केंद्र जाते समय भिंगुरी नहर पुलिया के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों द्वारा लूट की सूचना दी थी। मामले में थाना पयागपुर पर मुकदमा संख्या 319/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर 30 जुलाई को पुलिस ने खजुरी गांव के पास घेराबंदी कर दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मो. सहबान, सूर्यकुमार सिंह, जय सिंह और वीरेन्द्र प्रताप सिंह के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बैंक से लौट रहे व्यक्ति से लूट की वारदात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, आरोपी लूटी गई रकम का बंटवारा करने जा रहे थे, तभी उन्हें दबोच लिया गया। बरामद सामान में नकदी के अलावा हथियार, पीओएस मशीन, दो मोटरसाइकिल और अन्य प्रपत्र शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।