नालंदा - भंडारी गांव में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 किलो गांजा और 1.49 लाख रुपये बरामद
तीन महिलाओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार, फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
रहुई - नालंदा जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर रहुई थाना क्षेत्र के भंडारी गांव में पुलिस ने तीन अलग-अलग घरों में छापेमारी कर कुल 45 किलोग्राम गांजा और 1 लाख 49 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। रहूई थाना अध्यक्ष ललित विजय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 नवंबर 2026 को भंडारी गांव में छापेमारी की गई। सबसे पहले रमेश यादव के घर से 12.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद राजेश कुमार के घर से 29.5 किलोग्राम गांजा मिला। वहीं, रवि कुमार के घर की तलाशी के दौरान 3 किलोग्राम गांजा और 1 लाख 49 हजार 900 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान कारोबार में कथित रूप से संलिप्त तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मामले में रहुई थाना कांड संख्या 568/26, दिनांक 19 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी)(ii)(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल
छापेमारी दल का नेतृत्व रहुई थानाध्यक्ष पु.अ.नि. ललित विजय ने किया। टीम में पु.अ.नि. संतोष कुमार सुमन, उपेन्द्र कुमार राम, कुमार किशोर मंडल, सिपाही संजीव कुमार, ज्वाला कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, महिला सिपाही सोनी कुमारी, इंदु कुमारी एवं चालक सिपाही कुंदन कुमार शामिल थे।
Rahui, Nalanda | Nov 20, 2026