खिमलासा/सागर। गोचर भूमि से कथित अतिक्रमण हटाने, देवल गो अभयारण्य के पुनर्निर्माण और खेराई गांव के लगभग 30 अहिरवार परिवारों की जमीन कब्जामुक्त कराने की मांग को लेकर मंगलवार को खिमलासा के पास ग्राम गाड़ोली (जवाहर पुल) पर विभिन्न हिंदू, सामाजिक एवं गो सेवा संगठनों ने चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में भगत सेना परिवार, खुरई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि गोचर भूमि पर कथित अतिक्रमण और गरीब परिवारों की जमीन से जुड़े मामलों में लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि खेराई गांव में दबंगों द्वारा अहिरवार समाज के लगभग 30 परिवारों की जमीन पर कथित कब्जा कर उन्हें बेदखल कर दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों को तत्काल न्याय दिलाया जाए, उनकी जमीन कब्जामुक्त कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही मालथौन तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनका ज्ञापन प्राप्त किया। इस दौरान खिमलासा एवं मालथौन थाना पुलिस का पर्याप्त पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखी।
प्रशासन द्वारा मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Malthon, Sagar | Jun 30, 2026