कोटरोपी में सड़क क्षतिग्रस्त होने से एनएच-154 पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद
छोटे वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाला जा रहा, रात में होगा मरम्मत कार्य
पधर (मंडी)। मंडी-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर कोटरोपी के पास सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण मंगलवार शाम से भारी और मध्यम श्रेणी के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। हालांकि छोटे वाहनों को नियंत्रित तरीके से निकाला जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। रात के समय सड़क की मरम्मत की जाएगी। मौके की स्थिति के अनुसार आगे यातायात को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
प्रशासन ने भारी और मध्यम वाहनों के चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। ऐसे वाहन चालक घटासनी-जटिंगरी-डायनापार्क मार्ग से पधर अथवा अपनी सुविधा अनुसार कटिंडी होकर गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और यात्रा से पहले सड़क की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
Mandi, Mandi | Jul 29, 2026