मुहर्रम पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
मुहर्रम पर्व के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था, आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 23 जून 2026 को समाहरणालय सभागार, आरा में जिला दंडाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया एवं पुलिस अधीक्षक, भोजपुर की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों से उनके-अपने क्षेत्रों में आयोजित शांति समिति की बैठकों की स्थिति तथा मुहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण हेतु की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
इसके उपरांत शांति समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं, आवश्यक व्यवस्थाओं एवं जनसुविधाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में विद्युत आपूर्ति, सड़क व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, अग्निशमन वाहन की उपलब्धता, चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति, एंबुलेंस सेवा तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित विषयों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शांति समिति द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मुहर्रम पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
उन्होंने आमजन से भी पर्व के दौरान आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी आरा सदर, सहायक समाहर्ता भोजपुर,सिविल सर्जन भोजपुर, शांति समिति के सदस्यगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
Arrah, Bhojpur | Jun 23, 2026