सिविल कोर्ट अरवल से पेंट के डिब्बे चोरी, तीन युवक गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर टाउन थाना पुलिस की कार्रवाई, जहानाबाद भेजे गए आरोपी
अरवल। नगर क्षेत्र के वॉशिंगपुर गांव से जुड़े तीन युवकों पर सिविल कोर्ट अरवल परिसर में चल रहे डेंटिंग-पेंटिंग कार्य के दौरान पेंट के डिब्बे चोरी करने का आरोप है। मामले में अरवल टाउन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वॉशिंगपुर गांव निवासी राजेश कुमार सिंह के 25 वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार, पिंटू चौधरी के पुत्र प्रिंस कुमार तथा मोहम्मद कल्लू मियां के पुत्र मोहम्मद नवाब के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि 17 सितंबर 2026 की रात सिविल कोर्ट अरवल में डेंटिंग-पेंटिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि तीनों युवक रात के अंधेरे और सन्नाटे का फायदा उठाकर परिसर से 25 लीटर क्षमता वाले पांच से अधिक पेंट के डिब्बे चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अरवल टाउन थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, जिसके बाद गांधी मैदान क्षेत्र से हिमांशु कुमार समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को जहानाबाद भेज दिया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।
सच्च के साथ आपका विश्वास। AKY live Arvind Yadav
Arwal, Arwal | Sep 23, 2026