जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) के सफल संकलन हेतु क्षेत्रीय कर्मियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न,
आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को स्थानीय खेल भवन में जिला प्रशासन एवं सांख्यिकी विभाग के तत्वावधान में जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook - DCHB) के अद्यतीकरण एवं सटीक डेटा संकलन हेतु एक दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। पूर्वाहन 10:00 बजे से प्रारंभ हुए इस शिविर में मुख्य रूप से पिपराही, डुमरी कटसरी तथा तरियानी प्रखंडों (चार्ज) के क्षेत्रीय कर्मियों ने भाग लिया।
इस तकनीकी और अहम प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय (Directorate of Census Operations) से विशेष रूप से पधारे विशेषज्ञ प्रशिक्षक श्री शकील अहमद एवं श्री रमेश पाठक ने कर्मियों को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षकों द्वारा क्षेत्रीय कर्मियों को डीसीएचबी (DCHB) से जुड़ी बारीकियों, डेटा की सटीकता, प्रपत्र भरने की सही विधि और नवीनतम विभागीय दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही, फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी (DSO) के साथ-साथ तीनों संबंधित चार्ज के चार्ज पदाधिकारी भी पूरे समय उपस्थित रहे।अधिकारियों ने कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि, "जिला जनगणना हस्त पुस्तिका किसी भी जिले की भौगोलिक, जनसांख्यिकीय और आर्थिक स्थिति का सबसे प्रामाणिक दस्तावेज होता है। इसी डेटा के आधार पर भविष्य की विकास योजनाएं और नीतियां तय होती हैं। इसलिए सभी क्षेत्रीय कर्मी पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ त्रुटि-रहित कार्य सुनिश्चित करें।"
प्रशिक्षण के उपरांत सभी क्षेत्रीय कर्मियों के संशयों का निवारण किया गया, जिससे वे अब अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना संबंधी इस राष्ट्रीय कार्य को सुचारू रूप से धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।