शिमला पुलिस की बड़ी कामयाबी: 6 करोड़ की 1.120 किलो हाई-ग्रेड हेरोइन बरामद, हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार
शिमला: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में शिमला पुलिस ने वर्ष 2026 की अब तक की सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल सेल ने 3 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर जिला सीमा शोघी के समीप कार्रवाई कर हरियाणा के अंबाला निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1.120 किलोग्राम हाई-ग्रेड हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी यह खेप हरियाणा से शिमला में सप्लाई करने लाया था और तारा देवी क्षेत्र में अपने संपर्कों तक पहुंचाने की तैयारी में था। इससे पहले ही स्पेशल सेल ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अंतरराज्यीय नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
शिमला पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में नशा तस्करी के खिलाफ रणनीति बदलते हुए अब केवल अधिक मामले दर्ज करने के बजाय बड़ी बरामदगी, मुख्य सप्लायरों की गिरफ्तारी, बैकवर्ड लिंकेज, तकनीकी और वित्तीय जांच तथा पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही आदतन तस्करों के खिलाफ PITNDPS एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
इसी रणनीति के तहत मार्च में 562 एलएसडी स्टैम्प, अप्रैल में करीब 11.5 किलोग्राम अफीम, मई में 309 ग्राम हेरोइन, जून में 131 ग्राम हेरोइन और 27 ग्राम मेथामफेटामाइन, तथा जुलाई में 242 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। वर्ष 2026 में अब तक शिमला पुलिस 4 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, 14 किलोग्राम अफीम, 15 किलोग्राम चरस, 5 किलोग्राम से अधिक पोस्त, 11.6 ग्राम एलएसडी, लगभग 60 ग्राम मेथामफेटामाइन तथा 10 लाख से अधिक अवैध भांग के पौधे बरामद और नष्ट कर चुकी है।
1.120 किलोग्राम हेरोइन की यह ऐतिहासिक बरामदगी नशा तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस के अब तक के सबसे प्रभावी अभियानों में से एक मानी जा रही है।