वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को घेरा
रफीक खान बोले—चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवाल, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होगी बड़ी जनसभा
बस्ती। कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं जयपुर के आदर्श नगर से विधायक रफीक खान ने वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रफीक खान ने कहा कि पहले चुनाव आयोग को निष्पक्ष संस्था के रूप में देखा जाता था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद से लगातार वोट चोरी के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां वोट चोरी के जरिए भाजपा ने सरकार बनवाई। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए उचित संकेत नहीं हैं।
पूर्व विधायक अंबिका सिंह ने भी लगाए आरोप
प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक अंबिका सिंह ने कहा कि कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा वोट चोरी के जरिए सत्ता हासिल कर रही है, जबकि आम जनमानस में उसका जनाधार लगातार गिर रहा है। उन्होंने वोट चोरी के मुद्दे को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल बताया।
1 नवंबर को दिल्ली में होगी जनसभा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी ने बताया कि वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी जनसभा आयोजित करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस जनसभा में 10 लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी इस कार्यक्रम के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान संदीप श्रीवास्तव, वाहिद अली सिद्दीकी, गिरजेश पाल, गुड्डू सोनकर, अतीउल्लाह सिद्दीकी, रामबचन भारती, राम बहादुर सिंह, मारूफ अली, सर्वेश शुक्ला, आनंद निषाद, अशरफ अली, लालजी शर्मा, मुकेश भाटिया सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
Basti, Basti | Oct 28, 2026