सीबीआई खुलासों से कांग्रेस सरकार पर उठे गंभीर सवाल: संजीव कटवाल
फर्जी पूर्णता प्रमाणपत्र, दस्तावेजों में हेरफेर और प्रशासनिक दबाव के आरोप बेहद चिंताजनक: संजीव कटवाल
सच्चाई दबाने वालों को जवाबदेह ठहराया जाए, कांग्रेस सरकार बताए संरक्षण क्यों मिला: संजीव कटवाल
शिमला, जून 2026।
शिमला के चक्कर स्थित दीप कमल में भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भाजपा के प्रदेश महासचिव संजय कटवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश से जुड़े कई समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए संजय कटवाल ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि वीमल नेगी मामले में सामने आए तथ्यों और जांच एजेंसी द्वारा अदालत में प्रस्तुत की गई रिपोर्टों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
कटवाल ने आरोप लगाया कि परियोजनाओं से जुड़े फर्जी पूर्णता प्रमाणपत्र जारी किए जाने, सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर और नियमों की अनदेखी जैसे गंभीर मामले प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि वास्तविक स्थिति और रिकॉर्ड में अंतर होने के बावजूद प्रमाणपत्र जारी किए गए, यदि अधिकारियों पर दबाव डालकर निर्णय करवाए गए और आपत्ति दर्ज कराने वालों को प्रक्रिया से बाहर किया गया, तो यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसकी पूरी पारदर्शिता से जांच जरूरी है।
संजय कटवाल ने आगे कहा कि हिमाचल की जनता को यह जानने का अधिकार है कि ऐसे कथित कृत्यों को किसके संरक्षण में अंजाम दिया गया। यदि जांच में यह सामने आता है कि कुछ व्यक्तियों या संस्थाओं को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की अनदेखी की गई, तो कांग्रेस सरकार को इसका जवाब देना होगा।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे प्रशासनिक ढांचे की जवाबदेही, पारदर्शिता और सुशासन से जुड़ा हुआ है। यदि किसी अधिकारी पर दबाव बनाया गया, आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया और संस्थागत प्रक्रियाएं कमजोर की गईं, तो यह सिस्टम की गंभीर विफलता है।
कटवाल ने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कई घटनाओं ने जनता के बीच भ्रष्टाचार और पक्षपात को लेकर चिंता बढ़ाई है। उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी के बजाय जनता के सामने सच्चाई रखनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को सीबीआई जांच में पूर्ण सहयोग देना चाहिए ताकि बिना किसी बाधा के सच्चाई सामने आ सके और न्याय सुनिश्चित हो।
भाजपा प्रदेश महासचिव ने दोहराया कि पार्टी पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यापक जांच तथा दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग करती है।
बैठक में विधायक बलबीर वर्मा, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।