चित्रकूट में लगातार हो रही बारिश के बीच मंदाकिनी नदी का जलस्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। करीब 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जल संस्थान विभाग भी अलर्ट मोड पर है।
शनिवार दोपहर करीब 12 बजे जल संस्थान के अधिशासी अभियंता फरहत हुसैन ने कर्वी स्थित इंटेकवेल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि मंदाकिनी नदी में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विभाग ने पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली हैं। इससे पहले आई भीषण बाढ़ में इंटेकवेल पूरी तरह जलमग्न हो गया था, जिससे पानी की मोटरों और विद्युत उपकरणों को नुकसान पहुंचा था।
फिलहाल इंटेकवेल के सभी उपकरण ठीक तरह से काम कर रहे हैं और नगर में पानी की सप्लाई लगातार जारी है। वहीं, अगर बाढ़ की स्थिति और गंभीर होती है और जलापूर्ति प्रभावित होती है, तो नगर में टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जाएगी।
अधिशासी अभियंता ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जल संस्थान विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। आप देख रहे हैं पूरी खबर न्यूज़ इलेवन इंडिया टीवी से संपादक दिनेश सिंह कुशवाहा की खास रिपोर्ट
अब सुनिए, मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर और इंटेकवेल की तैयारियों को लेकर अधिशासी अभियंता जल संस्थान फरहत हुसैन ने क्या कहा।