पाहुंसी हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपी गिरफ्तार; न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल
अमित भगत हत्याकांड में नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, लाइनर की भूमिका निभाने वाला अरुण कुमार सिंह भी गिरफ्तार; पिकअप, बाइक और दो खोखा बरामद।
अररिया। कुंआड़ी थाना क्षेत्र के पाहुंसी गांव में हुए चर्चित अमित कुमार भगत हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में वृद्ध लाल सिंह, लक्ष्मण सिंह और अरुण कुमार सिंह शामिल हैं। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे पाहुंसी गांव में अमित कुमार भगत उर्फ अमित भगत की उनके घर के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। इस मामले में कुंआड़ी थाना कांड संख्या 108/26 के तहत कुल नौ आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में वृद्ध लाल सिंह और लक्ष्मण सिंह के अलावा अरुण कुमार सिंह भी शामिल है। पुलिस अनुसंधान में अरुण कुमार सिंह की भूमिका लाइनर के रूप में सामने आई है। आरोप है कि उसने घटना के दिन अमित भगत के घर से निकलने की सूचना अन्य आरोपियों को दी थी।
कुंआड़ी थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अरुण कुमार सिंह को शुरुआत में विधि-विरुद्ध बालक मानते हुए निरुद्ध किया गया था। बाद में प्रशासनिक स्तर पर उम्र का सत्यापन कराया गया, जिसमें उसकी उम्र 18 वर्ष 9 माह पाई गई। इसके बाद उसे बालिग मानते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त पिकअप वाहन, फरार होने में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और दो खोखा भी बरामद किया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
#PahunsiMurderCase #AmitBhagatMurder #ArariaNews #Kuarikand #KuwaadiPolice #BiharPolice #ArariaPolice #BreakingNews #BiharNews #CrimeNews #AmitBhagat #PoliceAction #ThreeArrested #Pahunsi #अररिया_न्यूज #अमित_भगत_हत्याकांड #पुलिस_कार्रवाई #बिहार_न्यूज
Araria, Araria | Nov 17, 2026