नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 385.25 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, गुप्त सूचना पर गांधी टोला में छापेमारी, दो मोबाइल भी जब्त; दोनों आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
कटिहार नगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 385.25 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर गांधी टोला स्थित बरगद-पीपल के पेड़ के पास की गई, जहां दो युवक अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे थे। नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए छापेमारी की। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में गिरफ्तार युवकों की पहचान पटेल चौक निवासी 27 वर्षीय गोलू कुमार (पिता स्व. दिलीप कुमार) तथा 28 वर्षीय नितेश झा उर्फ बिट्टू झा (पिता अशोक झा) के रूप में हुई। दोनों की विधिवत तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 385.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे नेटवर्क और मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।