सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर बन रहा है कौशल प्रशिक्षण का हब
बाबैन क्षेत्र के गांवों के सरपंचों ने किया महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर का दौरा
नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से ट्यूशन फीस पर 50 प्रतिशत तक दी जा रही है छात्रवृत्ति
युवाओं को रोजगार से जोड़ने के प्रयासों की सराहना, गांवों के बच्चों को प्रवेश दिलाने का लिया संकल्प
बाबैन, 27 जुलाई। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल कौशल प्रशिक्षण का हब बन रहा है। इस सेंटर में युवाओं को दी जा रही अंतर्राष्ट्रीय सुविधाओं का अवलोकन करने, बाबैन क्षेत्र से गांवों के सरपंच पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संस्थान में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और चल रहे आईटीआई व स्किल डेवलपमेंट कोर्सों की जानकारी ली। दौरे के दौरान सरपंचों ने सेंटर की स्मार्ट क्लास, लैब, जिम और अन्य प्रशिक्षण सुविधाएं देखीं। उन्होंने इन व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि वे अपने-अपने गांवों के अधिक से अधिक युवाओं को इस संस्थान में दाखिला लेने के लिए प्रेरित करेंगे, ताकि वे कौशल सीखकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
उपरोक्त जानकारी देते हुए नवीन जिन्दल फाउंडेशन से अभिषेक सहगल ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र का कोई भी युवा केवल अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहे। इसी सोच के साथ महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर के माध्यम से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस सेंटर का उद्देश्य गांवों के युवाओं को ऐसा प्रशिक्षण देना है, जिससे उन्हें आसानी से अच्छी नौकरी या अपना काम शुरू करने का अवसर मिल सके।
उन्होंने बताया कि संस्थान में वर्तमान सत्र के लिए आईटीआई में दाखिले चल रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से ट्यूशन फीस पर 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति भी दी जाएगी, ताकि कोई भी प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक कारणों से पीछे न रह जाए। इसके साथ-साथ संस्थान में मोबाइल रिपेयर, इलैक्ट्रिक व्हिकल रिपेयर, ब्यूटी एंड वेलनेस, और सिलाई कढ़ाई जैसे शार्ट टर्म ट्रेनिंग कोर्स भी शुरू किए जाएंगे ताकि युवाओं को जल्दी से जल्दी रोजगार उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि कि फाउंडेशन देश के साथ-साथ विदेशों में भी युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रहा है। संस्थान में प्रशिक्षण पूरा करने वाले योग्य युवाओं को विभिन्न कंपनियों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार मिल सके।
उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जिन्दल द्वारा महात्मा ज्योतिबा फूले औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान को अडॉप्ट कर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का स्वरूप दिया गया ताकि इस क्षेत्र के युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कौशल प्रशिक्षण और रोजगार मुहैया कराया जा सके।
इस अवसर पर संजीव सिंगला बाबैन, दुनी चंद टाटका, रामकरण बरगट जाटान, राजेश सैनी छपरा, ओम प्रकाश रामशरण माजरा, अमित कुमार जिरबडी, सुनील कुमार खिड़की वीरान, लज्जा राम बीड़ मंगौली, शीशपाल प्रहलाद पुर, सुखश्याम धनानी, कुलदीप सिंह बीड़ कालवा, बलजोर सिंह खेड़ी दबदलान और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।