*बलिया में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, मंत्री ने दिखाई जागरूकता वाहनों को हरी झंडी*
*सड़क सुरक्षा का संकल्प, परिवहन मंत्री ने खुद पहनाया बिना हेलमेट वालों को हेलमेट*
*हेलमेट-सीट बेल्ट लगाएं, सुरक्षित जीवन अपनाएं : परिवहन मंत्री*
*सड़क हादसों पर लगाम लगाने को शुरू हुआ 15 दिवसीय जागरूकता अभियान*
बलिया। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। सेवा संकल्प अभियान (सड़क सुरक्षा : जीवन रक्षा) के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों का जीवन सुरक्षित रखने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री ने सड़क सुरक्षा को लेकर अनूठी पहल करते हुए बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों और पीछे बैठे सहयात्रियों को रोककर स्वयं सांकेतिक रूप से हेलमेट पहनाया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए सुरक्षा के नियमों को अपनी आदत में शामिल करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, "जीवन रहेगा, तभी सब कुछ रहेगा। हमारी पहली प्राथमिकता जीवन बचाना है। घर से निकलते समय जल्दी पहुंचने की होड़ न करें, क्योंकि जल्दी पहुंचने से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है कि आप सुरक्षित अपने घर लौटें।" उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिना हेलमेट वाहन चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान करने के साथ ही आवश्यकतानुसार वाहन सीज भी किए जाएंगे।
*सड़क सुरक्षा के लिए अधिकारियों और नागरिकों ने ली शपथ, नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई*
परिवहन मंत्री ने सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और उपस्थित नागरिकों ने यातायात नियमों के पालन की शपथ ली। सभी ने हाथ आगे बढ़ाकर संकल्प लिया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
शपथ के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति द्वारा बीआईएस मानक वाले हेलमेट का प्रयोग करने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा निर्धारित लेन में वाहन चलाने का संकल्प लिया गया। इसके साथ ही तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा शराब या किसी अन्य नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की प्रतिज्ञा ली गई। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग करने का भी संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई, ताकि आम नागरिक विभागीय सेवाओं का लाभ आसानी से उठा सकें। परिवहन मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलने वाले इस पखवाड़े में विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा।
*सड़क हादसे में घायलों की मदद करने पर मिलेगा 25 हजार का इनाम, राहवीर योजना के तहत डीएम ने की अपील*
*डीएम ने कहा- कानूनी कार्रवाई के डर से पीछे न हटें, दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर बचाएं जान*
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने लोगों से अपील की कि सड़क हादसे में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए बिना किसी डर और झिझक के आगे आएं। उन्होंने कहा कि किसी दुर्घटना में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सकती है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी आम नागरिकों से सड़क दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने की अपील की। इस दौरान परिवहन विभाग की ओर से संचालित 'राहवीर योजना' की जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। जिलाधिकारी ने कहा कि अक्सर लोग कानूनी कार्रवाई या पुलिस पूछताछ के डर से सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने से पीछे हट जाते हैं। जबकि ऐसे समय में घायलों की सहायता करना सबसे बड़ा मानवीय कार्य है। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे आने से डरने की जरूरत नहीं है। दुर्घटना की स्थिति में तत्काल घायल को जिला अस्पताल अथवा नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाएं, ताकि उसे समय पर उपचार मिल सके।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि दुर्घटना के बाद घायलों की मदद करना भी प्रत्येक नागरिक की सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है। जनसहयोग से कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उम्मीद जताई गई कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत चलाया जा रहा जनजागरूकता अभियान घर-घर तक पहुंचेगा और लोग यातायात नियमों का पालन करने के साथ ही दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए भी आगे आएंगे। अभियान का उद्देश्य सड़क हादसों में कमी लाने के साथ ही दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर बहुमूल्य जीवन की रक्षा करना है। इस कार्यक्रम में
भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री वीरेंद्र पाठक टुन जी,पूर्व जिला मंत्री श्री अरुण सिंह बंटू जी,
चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, आरटीओ अरुण कुमार राय, डिप्टी एसपी संजय वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाहू एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Ballia, Ballia | Nov 16, 2026