क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और जन-सुविधाएं हमारी पहली प्राथमिकता : विरेंद्र कौशिक
बवानी खेड़ा में सम्मान समारोह का आयोजन, जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने गिनवाई सरकार की जनहितकारी नीतियां
भिवानी, 24 सितंबर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षो के सुशासन काल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को बवानीखेड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर 14 स्थित सावरमल कॉलोनी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और वार्डवासियों द्वारा उनका फूल-मालाओं और आत्मीय स्वागत के साथ नागरिक अभिनंदन किया गया। समारोह के दौरान वार्डवासियों ने वार्ड नंबर 14 में हाल ही में संपन्न हुए विकास कार्यों, विशेष रूप से गलियों के पक्कीकरण और नालों के सुदृढ़ निर्माण कार्य के लिए प्रशासन और भाजपा नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से बुनियादी ढांचे की जो आवश्यकताएं महसूस की जा रही थीं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास करना और अंतिम छोर पर खड़े हर नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा और सहयोग ही कार्य करने की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने वार्डवासियों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों की गति को कभी थमने नहीं दिया जाएगा और आने वाले समय में भी बचे हुए सभी कार्यों को जनसहयोग से तेजी के साथ पूरा करवाया जाएगा। इस अवसर पर वीरेंद्र कौशिक ने उपस्थित नागरिकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और हालिया उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने आह्वान किया कि आमजन सरकार की सभी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और क्षेत्र की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाएं। समारोह में वार्ड नंबर 14 की पार्षद रेनू देवी, नगरपालिका बवानी खेड़ा के चेयरमैन सुंदर अरोड़ा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और वार्ड के निवासी मौजूद रहे। इस अवसर पर आयोजक अमन कौशिक, डेरा बाबा जोगियान बाबा बालीनाथ के महंत विचार नाथ, दयानंद कौशिक, रूपचंद कौशिक, सत्यवान यादव, मनीष शंकर, पार्षद प्रतिनिधि प्रदीप कुमार, विक्रम कोच, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा, अभिषेक भारद्वाज सहित अनेक लोग मौजूद रहे।