#Bahraich - मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, सपा कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला
फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
बहराइच। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से जिले में प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे सपा के फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल के पास प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
समाजवादी लोहिया वाहिनी, समाजवादी आंबेडकर वाहिनी और मुलायम यूथ ब्रिगेड के कार्यकर्ता दोपहर में कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर पहुंचे। मुलायम यूथ ब्रिगेड के मयंक मिश्रा, लोहिया वाहिनी के नंदेश्वर यादव और आंबेडकर वाहिनी के अध्यक्ष पेशकार राव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला आग के हवाले कर दिया।
पुतला फूंके जाने के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास किया। इसे लेकर कुछ देर तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खींचतान की स्थिति बनी रही। हालांकि कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन जारी रखा।
प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने समेत चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Mahasi, Bahraich | Oct 7, 2026