स्थान कांकेर
रिपोर्टर वीरेन्द्र यादव WT ग्राउंड से
लगातार बारिश में शामतरा नहर कैनाल की खुली पोल, घटिया निर्माण से किसानों की फसलें बर्बाद, मुआवजे की मांग तेज
कांकेर। जिले में लगातार हो रही बारिश ने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर ग्राम शामतरा में निर्मित नहर नाली (कैनाल) का हिस्सा तेज बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गया। कैनाल टूटने से बड़ी मात्रा में पानी किसानों के खेतों में भर गया, जिससे कई किसानों की खड़ी फसलें जलमग्न होकर खराब हो गईं।
ग्रामीणों का आरोप है कि नहर निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही और घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान ही कई बार जिला प्रशासन और संबंधित विभाग को शिकायत देकर गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए थे, लेकिन किसी ने समय रहते संज्ञान नहीं लिया। अब लगातार बारिश के बाद कैनाल टूटने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारी धर्मेंद्र मेश्राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त कैनाल की जल्द मरम्मत कराई जाएगी ताकि आगे और नुकसान न हो। साथ ही प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
मौके पर अधिकारी धर्मेंद्र मेश्राम ने बताया कि लगातार बारिश के कारण भारतमाला सड़क परियोजना से ओवरफ्लो होकर बड़ी मात्रा में पानी कैनाल तक पहुंचा, जिससे पानी किसानों के खेतों में फैल गया और यह स्थिति निर्मित हुई। विभाग पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा।
इधर ग्रामीणों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य गुणवत्ता के अनुरूप किया गया होता तो कैनाल इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती। उनका आरोप है कि निर्माण में भ्रष्टाचार के कारण आज किसानों को अपनी मेहनत की फसल गंवानी पड़ रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि खबर सामने आने और अधिकारियों के आश्वासन के बाद आखिर कब तक इस क्षतिग्रस्त कैनाल की मरम्मत होगी और प्रभावित किसानों को मुआवजा मिल पाएगा। फिलहाल पूरे मामले ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#Viral #NewsUpdate #videoviral
Kanker, Kanker | Aug 1, 2026