लोकतंत्र का महापर्व: जिले के 2318 बूथों पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन
* कल से बीएलओ बूथों पर पढ़कर सुनाएंगे सूची, 21, 22, 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान
* ईवीएम और वीवीपैट के प्रदर्शन के लिए 20 नवंबर से खुलेंगे जागरूकता केंद्र
फतेहपुर (ब्यूरो)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार को जनपद के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 2318 मतदेय स्थलों (बूथों) पर मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी दलों को मतदाता सूची की प्रतियां (हार्ड व सॉफ्ट कॉपी) और बूथों की सूची सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि बुधवार, 18 नवंबर से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर मतदाता सूची को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाएंगे। इस दौरान नाम छूटने या विवरण में किसी भी त्रुटि के सुधार के लिए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। इसके अतिरिक्त मतदाता सूची में नाम जोड़ने व संशोधन के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
तहसीलों में लगेंगे ईवीएम जागरूकता काउंटर
बैठक के पश्चात जिलाधिकारी व राजनैतिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम और वीवीपैट मशीनें निकाली गईं। डीएम ने अवगत कराया कि आमजन को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के लिए 20 नवंबर से निर्वाचन अधिसूचना जारी होने तक प्रत्येक तहसील में दो-दो काउंटर तथा जिला मुख्यालय पर एक प्रदर्शन केंद्र संचालित रहेगा। बैठक में एडीएम/उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनय पाण्डेय, एसडीएम सदर सहित विभिन्न दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Fatehpur, Fatehpur | Nov 17, 2026